कैरेबियाई द्वीप राष्ट्र त्रिनिदाद और टोबैगो के मतदाताओं ने कमला प्रसाद-बिसेसर के नेतृत्व वाली विपक्षी पार्टी यूनाइटेड नेशनल कांग्रेस (यूएनसी) को हाल ही में हुए संसदीय चुनाव में बहुमत दिया और सत्तारूढ़ पीपुल्स नेशनल मूवमेंट पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया है। कमला प्रसाद बिसेसर इससे पहले 2010 से 2015 तक देश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं। वह त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला भी हैं।
त्रिनिदाद और टोबैगो में 28 अप्रैल, 2025 को प्रतिनिधि सभा के 41 सदस्यों को नए पाँच साल के कार्यकाल के लिए चुनने के लिए मतदान हुआ।
त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद द्विसदनीय है, जिसमें सीनेट उच्च सदन और प्रतिनिधि सभा निचला सदन है।
प्रतिनिधि सभा के सदस्यों का चुनाव जनता द्वारा सीधे किया जाता है।
प्रारंभिक परिणाम के अनुसार, यूनाइटेड नेशनल कांग्रेस ने प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल कर लिया है। सत्तारूढ़ पीपुल्स नेशनल मूवमेंट ने चुनाव में हार मान ली है।
73 वर्षीय कमला परसाद-बिसेसर का मुकाबला प्रधानमंत्री स्टुअर्ट यंग से था। स्टुअर्ट यंग को मार्च 2025 में त्रिनिदाद और टोबैगो के प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था, जब कीथ रोली ने 10 साल तक प्रधानमंत्री रहने के बाद पद छोड़ दिया था।
त्रिनिदाद और टोबैगो, जो अपने कार्निवल, प्रकृति और रेतीले समुद्र तटों के लिए जाना जाता है, दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। 2024 में देश में लगभग 623 हत्याएँ हुईं, जो प्रति 100,000 जनसंख्या पर 37 हत्याएँ थीं।
देश में दुनिया में प्रति लाख व्यक्ति पर यह छठी सबसे ज़्यादा हत्याएँ रेकॉर्ड की गई हैं, जो इसे दुनिया के सबसे ख़तरनाक देशों में से एक बनाती हैं।
हिंसक अपराधों को नियंत्रित करने के लिए, सरकार ने दिसंबर 2024 में देश में आपातकाल लगा दिया था जो अप्रैल तक देश में लागू था।
आर्थिक संकट
त्रिनिदाद और टोबैगो प्राकृतिक गैस के निर्यात पर भी निर्भर है। हालांकि, प्राकृतिक गैस की कीमतों में गिरावट के कारण इसकी अर्थव्यवस्था को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने त्रिनिदाद और टोबैगो और वेनेजुएला के बीच अपतटीय प्राकृतिक गैस परियोजनाओं के विकास के लिए दो लाइसेंस रद्द कर दिए है । इस निर्णय का भी देश की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
त्रिनिदाद और टोबैगो एक द्वीप देश है जिसमें दो मुख्य द्वीप हैं: त्रिनिदाद और टोबैगो।
यह दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के पास कैरेबियन सागर में स्थित है।
1802 में देश में ब्रिटिश शासन के बाद, चीनी बागानों में काम करने के लिए भारत से गिरमिटिया मजदूरों को यहाँ लाया गया था।
देश की लगभग 37% आबादी भारतीय मूल की है।
इसने 1962 में ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त की।
देश में सरकार का एक संसदीय स्वरूप है, जिसमें प्रधानमंत्री सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करते हैं।
राजधानी: पोर्ट ऑफ स्पेन
मुद्रा: त्रिनिदादियन डॉलर
राष्ट्रपति: क्रिस्टीन कंगालू