प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 अगस्त, 2023 को जोहान्सबर्ग में 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीकी गणराज्य के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ एक बैठक की।
दोनों नेताओं ने दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और रक्षा, कृषि, व्यापार एवं निवेश, स्वास्थ्य, संरक्षण और जन-जन के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
- दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय संगठनों और आपसी हित के क्षेत्रीय व बहुपक्षीय मुद्दों में निरंतर समन्वय पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
- राष्ट्रपति रामफोसा ने भारत की जी-20 अध्यक्षता के लिए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया और अफ्रीकी संघ को जी-20 की पूर्ण सदस्यता देने को लेकर भारत की पहल की सराहना की है।
- राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा कि वे जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली की यात्रा को लेकर उत्सुक हैं।
- प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए राष्ट्रपति रामफोसा को बधाई दी।
- प्रधानमंत्री ने परस्पर सुविधाजनक तिथि पर दक्षिण अफ्रीका की राजकीय यात्रा करने के लिए राष्ट्रपति रामफोसा के आमंत्रण को स्वीकार किया।
ब्रिक्स (BRICS):
- ब्रिक्स विश्व की पाँच अग्रणी उभरती अर्थव्यवस्थाओं:- ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के समूह हेतु एक संक्षिप्त शब्द रूप है।
- ब्रिक्स की चर्चा वर्ष 2001 में गोल्डमैन सैकस के अर्थशास्री जिम ओ’ नील द्वारा ब्राज़ील, रूस, भारत और चीन की अर्थव्यवस्थाओं हेतु विकास की संभावनाओं पर एक रिपोर्ट में की गई थी।
- वर्ष 2006 में चार देशों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की सामान्य बहस के अंत में विदेश मंत्रियों की वार्षिक बैठकों के साथ एक नियमित अनौपचारिक राजनयिक समन्वय आरंभ किया।
- इसके पश्चात यह निर्णय लिया गया कि इसे वार्षिक शिखर सम्मेलन के रूप में देश और सरकार के प्रमुखों के स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिये।
- प्रथम ब्रिक शिखर सम्मेलन वर्ष 2009 में रूस के येकतेरिनबर्ग में हुआ और इसमें वैश्विक वित्तीय व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
- दिसंबर 2010 में दक्षिण अफ्रीका को BRIC में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया, जिसके बाद समूह ने BRICS का संक्षिप्त नाम अपनाया।
- ब्रिक्स देश वैश्विक आबादी का 41%, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 24% और वैश्विक व्यापार का 16% भाग प्रतिनिधित्व करता है।
- यह सिर्फ पाँच देशों का एकीकृत प्लेटफॉर्म है। यह कोई अंतर्राष्ट्रीय अंतर-सरकारी संगठन नहीं है, न ही इसे किसी संधि के तहत स्थापित किया गया है।
- ब्रिक्स देशों के सर्वोच्च नेताओं का तथा अन्य मंत्रिस्तरीय सम्मेलन प्रतिवर्ष आयोजित किये जाते हैं।
- ब्रिक्स शिखर सम्मलेन की अध्यक्षता प्रतिवर्ष B-R-I-C-S क्रमानुसार सदस्य देशों के सर्वोच्च नेता द्वारा की जाती है।