प्रति वर्ष 22 अप्रैल को ‘अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस’ मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ के रूप में भी जाना जाता है। पृथ्वी सिर्फ मनुष्यों का ही नहीं, बल्कि असंख्य जीव-जंतुओं और वनस्पतियों का भी घर है। आज मनुष्य अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए इसे कई तरह के नुकसान पहुंचा रहा है। इसके कारण आज हमें बाढ़, प्रदूषण, क्लाइमेट चेंज, ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी कई समस्यायों का सामना करना पड़ रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस 2024 की थीम:
- प्रति वर्ष ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ को एक थीम के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष 2024 में इसकी थीम ‘ग्रह बनाम प्लास्टिक’ है। इस थीम का उद्देश्य एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करना और उसके विकल्प की तलाश करना है।
- जबकि ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ 2023 की थीम ‘हमारे ग्रह में निवेश करें’ थी।
अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस का इतिहास:
- विश्व पृथ्वी दिवस को मनाने का विचार सर्वप्रथम 1969 में यूनेस्को सम्मेलन में शांति कार्यकर्ता जॉन मैककोनेल द्वारा दिया गया था। आरंभ में, इस दिवस को मनाने का उद्देश्य पृथ्वी के महत्व को पहचानना और उसका सम्मान करना था।
- 22 अप्रैल, 1970 को पहली बार संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में पृथ्वी दिवस आयोजित किया गया था। बीस वर्ष बाद, 1990 के दशक में पृथ्वी दिवस का आयोजन वैश्विक स्तर पर होने लगा, अर्थात 1990 में डेनिस हेस (Denis Hayes) ने वैश्विक स्तर पर इस दिवस को मनाने का प्रस्ताव रखा। इसमें करीब 141 देशों ने भाग लिया।
- 22 अप्रैल 2009 को, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक संकल्प के द्वारा आधिकारिक तौर पर प्रत्येक वर्ष 22 अप्रैल को ‘अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस’ के रूप में नामित किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस प्रस्ताव की शुरुआत ‘बोलीविया के प्लुरिनेशनल राज्य’ ने की थी।
- ‘धरती माता’ शब्द का प्रयोग इसलिए किया जाता है क्योंकि यह मनुष्यों, अन्य जीवित प्रजातियों और जिस ग्रह पर हम सभी निवास करते हैं, उसके बीच मौजूद परस्पर निर्भरता को दर्शाने के साथ-साथ उन सभी का भरण-पोषण करती है।
- वर्ष 2016 में, पृथ्वी दिवस को जलवायु संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया गया। वर्तमान में, पृथ्वी दिवस का आयोजन 190 देशों में 20,000 साझेदारों और संगठनों तक विस्तारित है।
अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस का महत्व:
- पृथ्वी दिवस के मौके पर लाखों लोग मिलकर प्रदूषण और उसे नुकसान पहुंचाने वाली चीज़ों, वनों की कटाई जैसे पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए इकट्ठा होते हैं।
- इस अवसर पर विश्वभर में कई कार्यक्रमों और आयोजनों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण से होने वाले खतरों से बारे में बताया जाता है। लोगों को पृथ्वी को बचाने के प्रयासों के प्रति जागरूक किया जाता है।
अंतर्राष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस मनाने का उद्देश्य:
विश्व पृथ्वी दिवस प्रतिवर्ष कई उद्देश्यों की पूर्ति के लिए मनाया जाता है। इनमें से कुछ निम्नलिखित हैं:
- प्रकृति और पृथ्वी के साथ सामंजस्य को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी को पहचानना।
- ग्रह और इससे जुड़े सभी के जीवन की भलाई के लिए चुनौतियों के बारे में वैश्विक जन जागरूकता बढ़ाना।
- मानवता की वर्तमान और भावी पीढ़ियों की सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय आवश्यकताओं के मध्य उचित संतुलन बनाये रखना।