भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना ने संयुक्त रूप से पूर्वी कमान में ‘विंग्ड रेडर्स’ नाम से एक व्यापक प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित किया। विशेष हवाई अभियानों पर केंद्रित इस अभ्यास का उद्देश्य अंतर-सेवा तालमेल को बढ़ाना और मजबूत करना था।
यह संयुक्त सैन्य अभ्यास, भारत सरकार का देश में एक एकीकृत थिएटर कमांड स्थापित करने के प्रयास का हिस्सा है जिसके अंतर्गत, सशस्त्र बलों के बीच अंतरसंचालनीयता एक महत्वपूर्ण घटक है।
सैन्य में अंतरसंचालनीयता का अर्थ, सशस्त्र बलों के विभिन्न अंगों की एक साथ काम करने और एक दूसरे के हथियार प्रणालियों का उपयोग करने की क्षमता है। इसका मतलब यह है कि भारतीय सेना के जवान भारतीय वायु सेना के हथियार प्रणालियों का उपयोग करने में सक्षम होंगे और भारतीय वायु सेना के जवान भारतीय सेना के हथियार प्रणालियों का उपयोग करने में सक्षम होंगे।
भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना की अंतरसंचालनीयता का परीक्षण करने के लिए 'विंग्ड रेडर्स' का आयोजन किया गया था।
सेना में थिएटर एक विशिष्ट भौगोलिक क्षेत्र को संदर्भित करता है, जो समुद्र, वायु या भूमि में स्थित हो सकता है। ये क्षेत्र भविष्य में संभावित संघर्ष या युद्ध के क्षेत्र बन सकते हैं।
‘विंग्ड रेडर्स’ अभ्यास विशेष हवाई अभियानों पर केंद्रित था और भारतीय सेना के पूर्वी कमान क्षेत्र में आयोजित किया गया था। अभ्यास के दौरान, भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों ने फिक्स्ड-विंग और रोटरी-विंग, दोनों तरह के विमानों से विभिन्न हवाई प्रविष्टि तकनीकों का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान, भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर का भी उपयोग विशेष हवाई संचालन के लिए किया गया था।
इस अभ्यास से भारतीय सैनिकों को विशेष हवाई अभियानों में अपनी विशेषज्ञता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है जो आधुनिक युग में सैनिकों की तेजी से तैनाती और मिशन की तैयारी के लिए आवश्यक है। यह अभ्यास हवाई अभियानों के माध्यम से तेजी से तैनाती में भारतीय सशस्त्र बल के कौशल को मजबूत और बढ़ाएगा।
9 फरवरी 2025 को बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2025 की पूर्व संध्या पर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह ने स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस में एक साथ उड़ान भरी।
यह पहली बार था कि भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना प्रमुख ने एलसीए में एक साथ उड़ान भरी।
यह भी पढ़ें: वायु सेना स्टेशन, येलहंका, बेंगलुरु 15वें एयरो इंडिया 2025 की मेजबानी करेगा