केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, यात्रा संचालक और राज्य पर्यटन विभागों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ 6 से 8 नवंबर 2023 तक वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (डब्ल्यूटीएम), लंदन में भाग ले रहा है।
अतुल्य भारत मंडप का थीम:
- पर्यटन मंत्रालय ने विश्व पर्यटन बाजार (डब्ल्यूटीएम) 2023, लंदन में अतुल्य भारत मंडप का निर्माण किया। इसमें “अतुल्य भारत! भारत भ्रमण वर्ष 2023'' थीम रखी गई, इस थीम के तहत भारत आने वाले पर्यटकों के लिए विभिन्न पर्यटन उत्पादों और परिवर्तनकारी अनुभवों की श्रृंखला का प्रदर्शन किया जा रहा है।
भारतीय मंडप का उद्घाटन:
- भारतीय मंडप का औपचारिक उद्घाटन गोवा सरकार के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे की उपस्थिति में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सचिव सुश्री वी. विद्यावती और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने किया।
- डब्ल्यूटीएम 2023 के तहत यात्रा संचालन कंपनियां/डीएमसी, दिल्ली, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, बिहार, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, असम के राज्य पर्यटन विभाग तथा भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) सहित कुल 47 प्रतिभागी अतुल्य भारत मंडप में भाग ले रहे हैं।
- केरल, कर्नाटक, लद्दाख, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गोवा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात राज्यों के पर्यटन विभागों ने अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने और संभावित ग्राहकों और भागीदारों से जुड़ने के लिए अपने स्वयं के मंडप निर्मित किए हैं।
पर्यटन उद्योग को बढ़ाने का प्रयास:
- अपनी भागीदारी के दौरान पर्यटन मंत्रालय, यात्रा और पर्यटन उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेशेवरों को एक साथ लाने के लिए डब्ल्यूटीएम 2023, लंदन को एक मंच के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।
- प्लेटफ़ॉर्म का उपयोग नेटवर्किंग, व्यावसायिक अवसरों, विचारों और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए भी किया जाएगा।
27 सितंबर विश्व पर्यटन दिवस:
- ''अतुल्य भारत! भारत भ्रमण वर्ष 2023'' थीम के तहत भारत आने वाले यात्रियों के लिए विभिन्न पर्यटन उत्पादों और परिवर्तनकारी अनुभवों की श्रृंखला का प्रदर्शन करने के अलावा पर्यटन मंत्रालय का विशेष ध्यान सतत पर्यटन को बढ़ावा देने पर होगा।
- पर्यटन मंत्रालय ने 27 सितंबर 2023 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 'ट्रैवल फॉर लाइफ' कार्यक्रम आरंभ किया है।
- यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) पर आधारित है, जो भारत के नेतृत्व में एक वैश्विक जन भागीदारी अभियान है।
- यह अभियान, व्यक्तियों और समुदायों से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के खिलाफ पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कार्य करने का आग्रह करता है।