भारतीय एथलीटों ने ताइवान एथलेटिक्स ओपन में सात पदक - तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य के साथ अपना अभियान समाप्त किया । 2024 ताइवान एथलेटिक्स ओपन एक विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर कांस्य स्तर प्रतियोगिता है जो ताइवान की राजधानी ताइपे में आयोजित किया गया था।
भारत के लिए पदक विजेता
स्वर्ण पदक विजेता
- डी.पी. मनु ने भाला फेंक प्रतियोगिता में भारत के लिए इस प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक जीता। उनके 81.58 मीटर की भाला फेंक ने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया। हालाँकि उनका यह प्रयास पेरिस ओलंपिक क्वालीफिकेशन मार्क 85.50 मीटर से काफी कम था। दो भारतीय-नीरज चोपड़ा और किशोर कुमार जेना पहले ही 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
- केरल की नयना जेम्स ने महिलाओं की लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। नयना ने 6.43 मीटर की दूरी तक छलांग लगाई और मौजूदा एशियाई चैंपियन जापान की सुमिरे हाटा को पीछे छोड़ दिया। जापानी खिलाड़ी सुमिरे हाटा ने रजत पदक जीता जबकि कोरिया गणराज्य के यू जियोंगमी को कांस्य पदक मिला।
- अंकेश चौधरी ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जबकि एक अन्य भारतीय सोमनाथ चौहान ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता।
रजत पदक विजेता
- सोमनाथ चौहान ने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता।
- देव मीना ने पुरुषों की पोल वॉल्ट में 5.10 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। चीनी ताइपे के योंग फू हुआंग ने भी 5.10 मीटर की छलांग लगाई लेकिन देव मीना की तुलना में कम गलत खूद करने के कारण उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
- नित्या रामराज ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक पूर्व विश्व चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता संयुक्त राज्य अमेरिका की निया अली ने जीता।
कांस्य पदक विजेता
वी.के. विस्मया, जो 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली महिलाओं की 4x400 मीटर टीम की सदस्य थीं, ने महिलाओं की 400 मीटर में कांस्य पदक जीता।